29 C
Ranchi
Sunday, July 26, 2026
Contact: info.jharkhandlife@gmail.com
spot_img
Homeaasthaबंगला सावन में कांवरियों से गुलजार हुआ कांवरिया पथ, सुविधाएं शुरू करने...

बंगला सावन में कांवरियों से गुलजार हुआ कांवरिया पथ, सुविधाएं शुरू करने की उठी मांग

spot_img

Jharkhand Life News देवघर। विश्व प्रसिद्ध श्रावणी मेले की तैयारियां अंतिम चरण में हैं। प्रशासन और विभिन्न विभाग शेष कार्यों को तेजी से पूरा करने में जुटे हैं। इस बीच बंगला पंचांग के अनुसार सावन माह शुरू होने के साथ ही कांवरिया पथ पर श्रद्धालुओं की आवाजाही बढ़ गई है। पश्चिम बंगाल और पूर्वोत्तर (नॉर्थ ईस्ट) के राज्यों से बड़ी संख्या में कांवरिये बाबा बैद्यनाथ धाम की ओर बढ़ रहे हैं। पूरा कांवरिया पथ अब ‘बोल बम’ और ‘हर-हर महादेव’ के जयघोष से गूंजने लगा है।

श्रद्धालुओं की बढ़ती संख्या को देखते हुए कांवरिया पथ पर धार्मिक माहौल पूरी तरह बन चुका है। हालांकि, कांवरियों का कहना है कि अभी तक कुछ आवश्यक सुविधाएं पूरी तरह शुरू नहीं हो सकी हैं, जिससे उन्हें परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

Follow WhatsApp Channel Follow Now
Follow Telegram Channel Follow Now

शौचालय, स्नानागार और पेयजल सुविधा शुरू करने की मांग

शनिवार शाम कांवरिया पथ पर पहुंचे पश्चिम बंगाल और नॉर्थ ईस्ट के कई श्रद्धालुओं ने बताया कि झारखंड में प्रवेश करने के बाद सुरक्षा और अन्य व्यवस्थाएं संतोषजनक हैं, लेकिन शौचालय, स्नानागार और पेयजल जैसी मूलभूत सुविधाएं अभी पूरी तरह चालू नहीं हुई हैं।

असम से आए श्रद्धालु गोपाल शर्मा, नीतू अग्रवाल और संजय जायसवाल ने कहा कि बंगला सावन के दौरान ही हजारों श्रद्धालु यात्रा शुरू कर देते हैं। ऐसे में सभी सुविधाएं इसी समय से उपलब्ध होनी चाहिए। वहीं पश्चिम बंगाल से आए नरोत्तम सरकार, पांखी देवी, मनोज दास और सुनीता देवी ने भी प्रशासन से यही मांग दोहराई।

बंगला सावन से ही शुरू हो व्यवस्थाएं

श्रद्धालुओं का कहना है कि पश्चिम बंगाल और नॉर्थ ईस्ट के अधिकांश कांवरिये बंगला पंचांग के अनुसार सावन शुरू होते ही सुल्तानगंज से जल लेकर बाबा बैद्यनाथ धाम की यात्रा शुरू कर देते हैं। इसलिए प्रशासन को हिंदी सावन का इंतजार करने के बजाय बंगला सावन शुरू होते ही कांवरिया पथ से लेकर मंदिर परिसर तक सभी आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध करा देनी चाहिए।

अंतिम चरण में तैयारियां

प्रशासन की ओर से कांवरिया पथ पर अधिकांश तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। कुछ स्थानों पर सड़क की मरम्मत, मिट्टी और बालू भराई का कार्य अभी जारी है, जिसे जल्द पूरा करने का दावा किया जा रहा है। प्रशासन का कहना है कि श्रावणी मेले के औपचारिक शुभारंभ से पहले सभी आवश्यक व्यवस्थाएं पूरी कर ली जाएंगी।

भक्ति में डूबा कांवरिया पथ

जैसे-जैसे श्रद्धालुओं की संख्या बढ़ रही है, कांवरिया पथ का माहौल पूरी तरह भक्तिमय होता जा रहा है। हर ओर “बोल बम” और “हर-हर महादेव” के जयघोष सुनाई दे रहे हैं। आने वाले दिनों में श्रद्धालुओं की संख्या में और बढ़ोतरी होने की संभावना है।

Follow WhatsApp Channel Follow Now
Follow Telegram Channel Follow Now
spot_img

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

--Advertisement--spot_img

Latest News

spot_img
Floating WhatsApp Button WhatsApp Icon