Jharkhand Life News देवघर। नगर निगम क्षेत्र के वार्ड संख्या 34 स्थित चित्तौलोढ़िया में जय श्री राम युवा एकता ग्रुप द्वारा वृक्षारोपण अभियान का सफल आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य पर्यावरण संरक्षण के प्रति लोगों को जागरूक करना और अधिक से अधिक पौधे लगाने के लिए प्रेरित करना था। इस दौरान ग्रुप के सदस्यों और ग्रामीणों ने मिलकर विभिन्न प्रजातियों के पौधे लगाए तथा उनके संरक्षण का संकल्प लिया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए ग्रुप के अध्यक्ष दयानंद कुमार ने सभी देशवासियों से अपील की कि वे अपने जन्मदिन, विवाह वर्षगांठ या अन्य शुभ अवसरों पर कम-से-कम एक पौधा अवश्य लगाएं। उन्होंने कहा कि आज लगाया गया एक पौधा भविष्य की पीढ़ियों को भीषण गर्मी, बढ़ते प्रदूषण और ग्लोबल वार्मिंग जैसी गंभीर समस्याओं से बचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।
कार्यक्रम के सलाहकार एवं चिल्ड्रन एकेडमी के प्रधानाध्यापक किशोर बरनवाल ने ग्लोबल वार्मिंग और पर्यावरण संरक्षण के महत्व पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि लगातार बढ़ रहे तापमान और बदलते मौसम को देखते हुए वृक्षारोपण समय की सबसे बड़ी आवश्यकता बन गया है। यदि प्रत्येक व्यक्ति पर्यावरण संरक्षण की जिम्मेदारी निभाए, तो आने वाले वर्षों में इसके सकारात्मक परिणाम देखने को मिलेंगे।
ग्रुप के सचिव दरोगा मंडल ने कार्यक्रम में शामिल सभी अतिथियों एवं ग्रामीणों का स्वागत करते हुए उनके सहयोग के लिए आभार व्यक्त किया। वहीं, कार्यक्रम की संपूर्ण रूपरेखा ग्रुप के सक्रिय सदस्य किशन मंडल ने तैयार की।
इस अवसर पर डॉ. सुजीत मंडल ने बरगद का पौधा लगाकर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। वहीं संतोष यादव और राजू मंडल ने लगाए गए पौधों की नियमित सिंचाई और देखभाल की जिम्मेदारी ली। रोहित मंडल एवं अभय मंडल ने युवाओं से समाज और पर्यावरण के हित में संगठित होकर कार्य करने का आह्वान किया। वहीं रविकांत ठाकुर और बलराम मंडल ने सभी युवाओं से अधिक-से-अधिक पौधे लगाने और उनकी नियमित देखभाल करने की अपील की।
कार्यक्रम में ग्रुप के सक्रिय सदस्य आशीष बरनवाल, सदानंद कुमार, रवि कुमार, सत्यम कुमार, दीपक मंडल, प्रीतम कुमार, पप्पू ठाकुर, उमेश मंडल, सदानंद गौतम, राणा कुमार, कंचन मंडल, अमित कुमार, कृष्ण कुमार, जगदीश कुमार, विद्यानंद कुमार, दीपक कुमार, विशाल कुमार, पंचानंद कुमार सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।
उल्लेखनीय है कि जय श्री राम युवा एकता ग्रुप वर्ष 2024 से लगातार पर्यावरण संरक्षण के लिए वृक्षारोपण अभियान चला रहा है। ग्रुप अब तक 2,000 से अधिक पौधे लगा चुका है और भविष्य में भी इस अभियान को और व्यापक स्तर पर जारी रखने का संकल्प लिया है।
संदेश
“एक व्यक्ति – एक पौधा, यही प्रकृति के प्रति सच्ची सेवा है। आइए, हर शुभ अवसर पर एक पौधा लगाएं और आने वाली पीढ़ियों के लिए हरित, स्वच्छ और सुरक्षित भारत के निर्माण में अपना योगदान दें।”




