बाबा बैद्यनाथ के प्रति आस्था और भक्ति का अनोखा उदाहरण एक बार फिर देखने को मिला। कोलकाता के रूबी हॉस्पिटल से जुड़े करीब 60 श्रद्धालुओं का जत्था लगातार दस वर्षों से कांवर यात्रा कर रहा है। इस वर्ष भी श्रद्धालुओं ने सुलतानगंज से गंगाजल उठाकर बाबा बैद्यनाथ धाम देवघर के लिए अपनी पैदल यात्रा शुरू की।
श्रद्धालुओं ने बताया कि पिछले दस वर्षों से लगातार सुलतानगंज से देवघर तक की कांवर यात्रा उनकी आस्था और परंपरा का हिस्सा बन चुकी है। हर साल समूह के सदस्य एक साथ यात्रा करते हैं और रास्ते में शिवभक्ति के गीतों तथा जयकारों के साथ बाबा धाम की ओर बढ़ते हैं।
जत्थे में शामिल श्रद्धालुओं के लिए यह यात्रा केवल धार्मिक अनुष्ठान नहीं, बल्कि आपसी एकजुटता और बाबा बैद्यनाथ के प्रति अटूट विश्वास का प्रतीक भी है। चौथे दिन देवघर पहुंचने के बाद श्रद्धालुओं के चेहरों पर थकान के साथ बाबा के दर्शन की खुशी साफ दिखाई दी।



