- ✍️ रिपोर्ट: पत्रकार अंग्रेज दास
Jharkhand Life News सिमडेगा: जिले के विभिन्न सुदूरवर्ती क्षेत्रों से पहुंचे ग्रामीणों की समस्याओं के समाधान के लिए उपायुक्त श्रीमती कंचन सिंह ने जनता दरबार का आयोजन किया। इस दौरान उन्होंने एक-एक आवेदक से सीधे संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं और संबंधित विभागों के अधिकारियों को त्वरित एवं नियमानुसार कार्रवाई करने का निर्देश दिया।
उपायुक्त ने कहा कि जनता दरबार का उद्देश्य आम नागरिकों की शिकायतों का समयबद्ध, पारदर्शी और निष्पक्ष समाधान सुनिश्चित करना है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि सभी आवेदनों की गंभीरता से जांच कर तय समय सीमा के भीतर उनका निष्पादन किया जाए, ताकि लोगों को अनावश्यक रूप से कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें।
जनता दरबार में प्रधानमंत्री आवास योजना का लाभ दिलाने, खरीदी गई जमीन पर आवास निर्माण विवाद, कच्चे मकान के क्षतिग्रस्त होने पर आवास उपलब्ध कराने, सड़क एवं पुलिया निर्माण, दाखिल-खारिज, ऑनलाइन लगान रसीद, भूमि विवाद, सिंचाई के लिए सोलर पंप के नाम पर अवैध वसूली, निजी भूमि पर अवैध सड़क निर्माण, सड़क किनारे सूखे पेड़ों की कटाई, कृषि भूमि से अतिक्रमण हटाने, पंजी-2 में सुधार तथा अवैध रूप से जमीन कब्जाने और धमकी देने जैसे मामलों से संबंधित आवेदन प्राप्त हुए।
उपायुक्त ने स्पष्ट कहा कि प्रत्येक शिकायत की निष्पक्ष जांच कर दोषी पाए जाने पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने अधिकारियों को जनता की समस्याओं को प्राथमिकता के आधार पर निपटाने और राहत पहुंचाने के निर्देश दिए।
जनता दरबार के दौरान अपर समाहर्ता गिरिजा शंकर महतो, नजारत उप समाहर्ता-सह-जिला आपूर्ति पदाधिकारी नरेश रजक सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
मुख्य बातें (Highlights)
- उपायुक्त कंचन सिंह ने जनता दरबार में सुनीं ग्रामीणों की शिकायतें।
- प्रधानमंत्री आवास, भूमि विवाद और सड़क निर्माण से जुड़े मामले प्रमुख रहे।
- सोलर पंप के नाम पर अवैध वसूली की शिकायत भी पहुंची।
- सभी मामलों की निष्पक्ष जांच कर समय पर कार्रवाई के निर्देश।
- लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की चेतावनी।




