25.3 C
Ranchi
Thursday, July 23, 2026
Contact: info.jharkhandlife@gmail.com
spot_img
HomeJharkhand Newsसिमडेगा का जलवा: अंडर-17 फुटबॉल टीम बनी राज्य चैंपियन, अब दिल्ली में...

सिमडेगा का जलवा: अंडर-17 फुटबॉल टीम बनी राज्य चैंपियन, अब दिल्ली में दिखाएगी दम

spot_img

Jharkhand Life News सिमडेगा: खेल प्रतिभाओं की धरती सिमडेगा ने एक बार फिर पूरे झारखंड में अपनी अलग पहचान बनाई है। जिला मुख्यमंत्री उत्कृष्ट विद्यालय, सिमडेगा की अंडर-17 फुटबॉल टीम ने 65वीं राज्य स्तरीय सुब्रतो कप फुटबॉल प्रतियोगिता का खिताब अपने नाम कर लिया है। इस शानदार जीत के साथ अब टीम राष्ट्रीय स्तर पर झारखंड का प्रतिनिधित्व करने के लिए दिल्ली रवाना होगी।

राज्य चैंपियन बनने के बाद उपायुक्त सिमडेगा ने अपने आवास पर खिलाड़ियों, कोच और टीम मैनेजर का स्वागत कर उन्हें सम्मानित किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि यह पूरे जिले के लिए गर्व का विषय है। उन्होंने खिलाड़ियों को राष्ट्रीय प्रतियोगिता के लिए शुभकामनाएं देते हुए भरोसा दिलाया कि उनकी तैयारी में जिला प्रशासन हर संभव सहयोग करेगा।

Follow WhatsApp Channel Follow Now
Follow Telegram Channel Follow Now

टीम के मैनेजर समीर प्रभात बाड़ा ने बताया कि खिलाड़ियों ने पूरे टूर्नामेंट में शानदार खेल का प्रदर्शन किया। दक्षिणी छोटानागपुर का प्रतिनिधित्व करते हुए टीम ने पहले मुकाबले में उत्तरी छोटानागपुर को 3-1 से हराया। इसके बाद कोल्हान और संथाल परगना को 4-0 के समान अंतर से मात दी। पलामू के खिलाफ लीग मुकाबले में 3-0 की जीत दर्ज की, जबकि सेमीफाइनल में उसी टीम को 13-0 से हराकर अपनी ताकत का परिचय दिया। फाइनल मुकाबले में कोल्हान प्रमंडल को 4-0 से शिकस्त देकर सिमडेगा ने राज्य चैंपियन बनने का गौरव हासिल किया।

पूरे टूर्नामेंट में सिमडेगा की टीम ने कुल 31 गोल किए। टीम के स्टार खिलाड़ी अनीश कुजूर ने अकेले 12 गोल दागकर ‘बेस्ट प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट’ का पुरस्कार जीता। फाइनल मुकाबले में विक्की उरांव को ‘मैन ऑफ द मैच’ चुना गया, जबकि टीम के कप्तान और गोलकीपर निखिल कुमार महतो को ‘बेस्ट गोलकीपर’ का सम्मान मिला।

टीम की इस ऐतिहासिक सफलता में कोच अंजलूस कुजूर की महत्वपूर्ण भूमिका रही। सम्मान समारोह में जिला शिक्षा पदाधिकारी मिथिलेश केरकेट्टा, जिला शिक्षा अधीक्षक दीपक राम, शिक्षा विभाग के अधिकारी, विद्यालय के प्रधानाध्यापक, शिक्षक, कोच और अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे। अब पूरे जिले की निगाहें राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता पर टिकी हैं, जहां सिमडेगा की यह टीम झारखंड के लिए नया इतिहास रचने की कोशिश करेगी।

पत्रकार:- अंग्रेज दास

Follow WhatsApp Channel Follow Now
Follow Telegram Channel Follow Now
spot_img

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

--Advertisement--spot_img

Latest News

spot_img
Floating WhatsApp Button WhatsApp Icon