Jharkhand Life News: (वियतनाम)| वियतनाम के प्रसिद्ध पर्यटन स्थल फू क्वोक द्वीप के पास शनिवार (11 जुलाई) को भारतीय पर्यटकों से भरी एक स्पीडबोट पलटने से बड़ा हादसा हो गया। इस दुर्घटना में 15 भारतीय पर्यटकों की मौत हो गई, जबकि 21 लोगों को सुरक्षित बचा लिया गया।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, स्पीडबोट में 32 भारतीय पर्यटक और 4 वियतनामी क्रू मेंबर सवार थे। नाव होन मे रुत न्गोई द्वीप से पर्यटकों को लेकर आन थोई बंदरगाह लौट रही थी। तट से करीब 300–400 मीटर पहले अचानक आई तेज समुद्री लहर से नाव का संतुलन बिगड़ गया और वह पलट गई।

हादसे में जान गंवाने वालों में 10 तमिलनाडु, 3 आंध्र प्रदेश और 2 केरल के निवासी शामिल हैं। बचाए गए अधिकांश भारतीयों को प्राथमिक उपचार के बाद अस्पताल से छुट्टी दे दी गई है, जबकि एक व्यक्ति का इलाज जारी है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, यात्रियों ने लाइफ जैकेट पहन रखी थी, लेकिन नाव अचानक पलटने से कई लोग कैबिन में फंस गए और बाहर नहीं निकल सके। कुछ परिजनों ने बचाव अभियान में देरी और लापरवाही के आरोप लगाए हैं। हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
हादसे के बाद भारतीय दूतावास ने पीड़ित परिवारों की सहायता के लिए हेल्पलाइन जारी की है। वहीं, वियतनाम सरकार ने घटना की उच्चस्तरीय जांच के आदेश दिए हैं। जांच में यह पता लगाया जाएगा कि हादसा खराब मौसम, तकनीकी खराबी या किसी अन्य कारण से हुआ।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और विदेश मंत्री डॉ. एस. जयशंकर ने घटना पर गहरा शोक व्यक्त करते हुए मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना जताई और हरसंभव सहायता का भरोसा दिया।


