
Ranchi: दुबई की जेल में पिछले कई दिनों से बंद पलामू निवासी शशि पासवान की सकुशल घर वापसी को लेकर अब उम्मीद जगी है। डुमरी विधायक जयराम कुमार महतो की पहल पर आज झारखंड विधानसभा परिसर में पीड़ित परिवार ने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से मुलाकात कर अपनी व्यथा सुनाई।
जानकारी के अनुसार, शशि पासवान की पत्नी और मां ने बेटे व पति की रिहाई की गुहार लगाते हुए विधायक जयराम महतो से संपर्क किया था। परिवार की पीड़ा को देखते हुए विधायक ने उन्हें विधानसभा सत्र के दौरान मुख्यमंत्री से मिलवाने का भरोसा दिया था।
बीते कल मुख्यमंत्री के एक विवाह समारोह में व्यस्त होने के कारण यह मुलाकात नहीं हो सकी थी, लेकिन आज विधायक जयराम महतो ने विधानसभा में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से पीड़ित परिवार की मुलाकात करवाई। इस दौरान शशि पासवान की मां और पत्नी ने मुख्यमंत्री को पूरे मामले से अवगत कराते हुए उन्हें दुबई की जेल से छुड़ाकर झारखंड लाने की गुहार लगाई।
मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने परिवार की बातों को गंभीरता से सुना और मामले पर त्वरित संज्ञान लेते हुए युवक की वापसी के लिए हर संभव आवश्यक पहल करने का आश्वासन दिया है।
मुलाकात के बाद विधायक जयराम महतो ने कहा कि एक मां की आंखों में बेटे की वापसी और एक पत्नी के चेहरे पर अपने जीवनसाथी से मिलने की आस को नजरअंदाज नहीं किया जा सकता। उन्होंने कहा कि जनप्रतिनिधि जनता की सेवा और समस्याओं के समाधान के लिए होते हैं। वे राजनीति करने नहीं, बल्कि कठिन समय में लोगों का सहारा बनने आए हैं और किसी भी पीड़ित परिवार की पीड़ा को अनसुना नहीं होने देंगे।



