Jharkhand Life News: झारखंड में दक्षिण-पश्चिम मानसून के आगे बढ़ने के लिए मौसमीय परिस्थितियां अनुकूल बनी हुई हैं। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के अनुसार राज्य के अधिकांश क्षेत्रों में अगले कुछ दिनों तक आसमान में बादल छाए रहेंगे। इस दौरान हल्की से मध्यम बारिश, गरज-चमक और तेज हवाएं चलने की संभावना है।मौसम विभाग ने राज्य के विभिन्न जिलों के लिए 27 जून तक येलो अलर्ट जारी किया है। विभाग के मुताबिक पंजाब से बिहार तक एक ट्रफ लाइन सक्रिय है, जबकि झारखंड से तटीय आंध्र प्रदेश तक एक अन्य ट्रफ भी बनी हुई है। इन मौसमी प्रणालियों के प्रभाव से राज्य में नमी बढ़ रही है, जिससे वर्षा गतिविधियों में तेजी आने की उम्मीद है।आईएमडी ने बताया कि झारखंड, बिहार और ओडिशा के कुछ और हिस्सों में 23 जून के आसपास मानसून के आगे बढ़ने की संभावना है। मौसम विभाग ने लोगों से खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने और आकाशीय बिजली से बचाव के लिए आवश्यक सावधानियां बरतने की अपील की है।
पारा में होगी गिरावट
मौसम विभाग के अनुसार 25 जून तक राज्य में अधिकांश स्थानों पर बादल छाये रहेंगे और कहीं-कहीं हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। 22 और 23 जून के दौरान अधिकतम तापमान में दो से तीन डिग्री सेल्सियस तक गिरावट आ सकती है। इसके बाद तापमान में फिर दो से तीन डिग्री की वृद्धि होने की संभावना जताई गई है।
गुमला में सबसे ज्यादा बारिश
पिछले 24 घंटों के दौरान राज्य के विभिन्न हिस्सों में हल्की से मध्यम दर्जे की बारिश हुई। सबसे अधिक बारिश चैनपुर (गुमला जिला) में 40.2 मिलीमीटर रिकॉर्ड की गई। इसके अलावा रांची में 35.6 मिलीमीटर, बोकारो में 35.5 मिलीमीटर और नामकुम में 23.5 मिलीमीटर बारिश हुई।
आज भी तेज हवा और वज्रपात का अलर्ट
22 जून को दक्षिणी (कोल्हान) और निकटवर्ती मध्य (राजधानी और आसपास) जिलों में तेज हवा और वज्रपात की चेतावनी जारी की गई है। 23 से 27 जून तक राज्य के विभिन्न हिस्सों में गरज-चमक, वज्रपात और 40-50 किमी प्रति घंटा की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना बनी रहेगी।



