Jharkhand Life News देवघर: जिले में 0 से 5 वर्ष तक के बच्चों को पोलियो से सुरक्षित रखने के लिए आज से पल्स पोलियो अभियान की शुरुआत हो गई। नए सदर अस्पताल में उपायुक्त सौरभ कुमार भुवानिया ने नवजात बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाकर अभियान का शुभारंभ किया। इस मौके पर उप विकास आयुक्त पीयूष सिन्हा, सिविल सर्जन और स्वास्थ्य विभाग के कई अधिकारी भी मौजूद रहे।

1,488 बूथों पर चल रहा है अभियान
स्वास्थ्य विभाग की ओर से जिलेभर में 1,488 पोलियो बूथ बनाए गए हैं। इन बूथों पर जन्म से लेकर 5 वर्ष तक के बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाई जा रही है। प्रशासन ने पहले दिन अधिकतम बच्चों तक पहुंचने का लक्ष्य तय किया है।
29 और 30 जून को घर-घर पहुंचेगी स्वास्थ्य टीम
डीसी ने बताया कि जो बच्चे किसी कारणवश रविवार को बूथ तक नहीं पहुंच सके, उन्हें 29 और 30 जून को स्वास्थ्यकर्मी घर-घर जाकर पोलियो की दवा पिलाएंगे। इसके लिए विशेष डोर-टू-डोर अभियान चलाया जाएगा, ताकि जिले का कोई भी बच्चा इस सुरक्षा कवच से वंचित न रहे।
लोगों से सहयोग की मांग
उपायुक्त ने अभिभावकों, जनप्रतिनिधियों व सामाजिक संगठनों से अभियान में पूर्ण सहयोग की अपील की। उन्होंने कहा कि पोलियो जैसी गंभीर बीमारी से बच्चों की सुरक्षा के लिए हर बच्चे को समय पर दवा पिलाना जरूरी है। सभी लोग अपने आसपास के परिवारों को भी इसके लिए जागरूक करें।
मौजूद अधिकारी
अभियान के शुभारंभ अवसर पर जिला योजना पदाधिकारी मुकेश कुमार, अस्पताल उपाधीक्षक, स्वास्थ्य विभाग के वरिष्ठ अधिकारी, चिकित्सक, डीपीएम, पैरामेडिकल स्टाफ और अन्य कर्मी उपस्थित रहे।




