Simdega Life News: राजकीय रामरेखा महोत्सव 2026 के सफल, सुरक्षित एवं सुव्यवस्थित आयोजन को लेकर उपायुक्त सिमडेगा श्रीमती कंचन सिंह एवं पुलिस अधीक्षक श्री श्रीकांत एस. खोटरे ने रामरेखा धाम स्थित कार्यक्रम स्थल पर प्रतिनियुक्त दंडाधिकारियों, पुलिस पदाधिकारियों एवं मेला समिति के सदस्यों के साथ मीटिंग की। उपायुक्त ने कहा कि महोत्सव में आने वाले श्रद्धालुओं की सुरक्षा, सुविधा एवं सुगम आवागमन प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। सभी प्रतिनियुक्त पदाधिकारी आपसी समन्वय के साथ पूरी तत्परता से अपने दायित्वों का निर्वहन करें।

उपायुक्त ने बताया कि श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए पेयजल, विद्युत, शौचालय सहित सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई हैं। वहीं, पुलिस अधीक्षक ने सुरक्षा एवं विधि-व्यवस्था संधारण को लेकर पुलिस पदाधिकारियों को सतर्क एवं मुस्तैद रहने का निर्देश दिया। मंदिर परिसर, मेला क्षेत्र, प्रमुख आवागमन मार्गों एवं पार्किंग स्थलों पर विशेष निगरानी रखने, भीड़ प्रबंधन, यातायात नियंत्रण तथा किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए तत्पर रहने को कहा गया।किसी प्रकार की समस्या के लिए तुरंत नियंत्रण कक्ष को सूचित करने का निर्देश दिया।

श्रद्धालुओं के वाहनों के सुव्यवस्थित परिचालन एवं पार्किंग के लिए कुल 12 पार्किंग स्थलों (P-1 से P-12) का निर्धारण किया गया है। पार्किंग संख्या 4 से 8 तक पदाधिकारियों, मीडिया कर्मियों एवं विशिष्ट अतिथियों, अति विशिष्ट अतिथियों के लिए निर्धारित है, जहां पास लगी गाड़ियां ही पार्किंग की जाएगी। सभी पास में पार्किंग स्थल प्रिंट हैं।जबकि अन्य पार्किंग स्थलों पर सामान्य श्रद्धालुओं के वाहनों को खड़ा कराया जाएगा।
सिमडेगा-कैरबेड़ा मार्ग से आने वाले श्रद्धालुओं के लिए P-9, P-10 एवं P-11 पार्किंग स्थल निर्धारित किए गए हैं। वहीं, पालेडीह मार्ग से आने वाले श्रद्धालु P-12 में वाहन पार्क कर पैदल मंदिर एवं मेला परिसर तक पहुंच सकेंगे। गुमला मार्ग से आने वाले श्रद्धालुओं के लिए P-1, P-2 एवं P-3 की व्यवस्था की गई है।
सिमडेगा-कैरबेड़ा मार्ग की ओर से रामरेखा धाम पहुंचने वाले वाहनों के लिए पार्किंग स्थल संख्या 7 से11 के वाहन
रामरेखा धाम के तोरणद्वार से पहले वाले सिमडेगा- कैरबेड़ा ओर की सभी पार्किंग में जो गाड़ियां लगेगी वह वापस कैरबेड़ा मार्ग से ही होगी।
तथा मुख्य तोरणद्वार से जो गाड़ियां आगे बढ़ेगी वे सभी गाड़ियां वापसी के दौरान गुमला मार्ग से कोड़रा-बानोबिरा-कुल्लूकेरा होते हुए सिमडेगा-कुरडेग मार्ग की ओर प्रस्थान करना होगा। तात्पर्य है कि कार्यक्रम स्थल की ओर वन- वे निर्धारित है।इससे यातायात व्यवस्था सुचारू बनी रहेगी और मेला क्षेत्र में वाहनों के अनावश्यक दबाव एवं जाम की स्थिति से बचा जा सकेगा।

वाहनों के पास पर अंकित पार्किंग संख्या के अनुसार ही संबंधित स्थल पर पार्किंग कराई जाए। सभी दंडाधिकारी एवं पुलिस पदाधिकारी सुरक्षा, यातायात प्रबंधन एवं विधि-व्यवस्था,रुट चार्ट पर विशेष निगरानी रखें, ताकि श्रद्धालु शांतिपूर्ण एवं सुरक्षित वातावरण में महोत्सव का आनंद ले सकें।
ब्रीफिंग के उपरांत उपायुक्त एवं पुलिस अधीक्षक ने मंदिर परिसर एवं मेला क्षेत्र का निरीक्षण कर समिति के सदस्यों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
मौके पर उप विकास आयुक्त श्री दीपांकर चौधरी,अपर समाहर्ता श्री गिरिजा शंकर महतो, अनुमंडल पदाधिकारी श्री सुमन्त तिर्की, डीएसपी श्री रणवीर सिंह, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी श्री धर्मदेव पासवान,जिला परिवहन पदाधिकारी श्री संजय कुमार बखला, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी श्री पलटू महतो सहित जिला स्तरीय पदाधिकारी, दंडाधिकारी एवं पुलिस पदाधिकारी उपस्थित थे।




