Jharkhand Life News:देहरादून/चमोली | उत्तराखंड बद्रीनाथ धाम में ‘थाली भेंट’ (चढ़ावे) की कथित चोरी और वित्तीय अनियमितताओं के मामले में जांच कर रही एसआईटी (SIT) को बड़ी सफलता मिली है। बद्री-केदार मंदिर समिति (BKTC) के अध्यक्ष के निलंबित निजी सचिव प्रमोद नौटियाल को देहरादून से गिरफ्तार कर लिया गया है। निलंबन के बाद से वह फरार चल रहा था। पुलिस आज उसे गोपेश्वर कोर्ट में पेश कर रिमांड की मांग करेगी।
CCTV फुटेज बना अहम सबूत
जांच एजेंसियों के अनुसार, सीसीटीवी फुटेज में प्रमोद नौटियाल कथित तौर पर काउंटिंग रूम से नकदी, सोने-चांदी के सिक्के, चढ़ावे के लिफाफे और बहुमूल्य शालिग्राम पत्थर निकालकर अपने केबिन में ले जाते हुए दिखाई दे रहा है। पुलिस इन फुटेज को मामले का महत्वपूर्ण साक्ष्य मानकर जांच आगे बढ़ा रही है।
केदारनाथ प्रबंधन भी जांच के घेरे में
मामले की जांच अब केवल बद्रीनाथ तक सीमित नहीं है। प्रारंभिक जांच में केदारनाथ धाम के तत्कालीन मैनेजर, मुख्य प्रभारी अधिकारी और पूर्व सीईओ की भूमिका भी जांच के दायरे में आई है। उन पर वीआईपी मेहमानों के खान-पान और ठहरने के खर्च के नाम पर वित्तीय अनियमितताओं के आरोपों की जांच की जा रही है।
16 जुलाई को हाईकोर्ट में सुनवाई
गिरफ्तारी से पहले प्रमोद नौटियाल ने उत्तराखंड हाईकोर्ट में अपने खिलाफ दर्ज एफआईआर और निलंबन को चुनौती दी थी। इस याचिका पर 16 जुलाई 2026 को सुनवाई प्रस्तावित है। वहीं, एसआईटी का कहना है कि मामले में जुटाए गए साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई जारी रहेगी।



