
Simdega : झारखंड राज्य स्थापना पखवाड़ा-2026 के अवसर पर आयोजित पखवाड़े भर के कार्यक्रमों का समापन समारोह शनिवार को नगर भवन, सिमडेगा में हर्षोल्लास, सांस्कृतिक उत्साह एवं जनभागीदारी के साथ आयोजित किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ मंच पर उपस्थित अतिथियों द्वारा दीप प्रज्वलित कर किया गया। मौके पर सभी गणमान्य अतिथियों का पौधा भेंटकर स्वागत एवं अभिनंदन किया गया। समारोह में झारखंड के गौरवशाली इतिहास, राज्य गठन के आंदोलन, वीर शहीदों के बलिदान, सांस्कृतिक विरासत एवं जिले की विकास उपलब्धियों को स्मरण करते हुए विभिन्न विभागों की जनकल्याणकारी योजनाओं, परिसंपत्तियों, नियुक्ति पत्रों एवं सम्मान का वितरण किया गया। कस्तूरबा गांधी आवासीय विद्यालय की छात्राओं द्वारा आकर्षक सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किया गया, जिसने समारोह में उत्साह एवं सांस्कृतिक रंग भर दिया।
समारोह में माननीय विधायक सिमडेगा श्री भूषण बाड़ा, माननीय विधायक कोलेबिरा श्री नमन विक्सल कोंगाड़ी, जिला परिषद अध्यक्ष श्री रोस प्रतिमा सोरेंग, नगर परिषद उपाध्यक्ष श्री दीपक कुमार अग्रवाल, जिला परिषद सदस्य सिमडेगा श्रीमती शांतिबाला केरकेट्टा, जिला परिषद सदस्य पाकरटांड़ श्री जोखिमा खाखा, उपायुक्त श्रीमती कंचन सिंह, पुलिस अधीक्षक श्रीकांत एस. खोटरे, उप विकास आयुक्त श्री दीपांकर चौधरी सहि सभी जिला स्तरीय पदाधिकारी अन्य जनप्रतिनिधि, पूर्व विधायक, झारखंड आंदोलनकारी, पदाधिकारी, लाभुक एवं नागरिक उपस्थित रहे।
झारखंड आंदोलनकारियों के संघर्ष एवं बलिदान को किया नमन

समारोह को संबोधित करते हुए माननीय विधायक कोलेबिरा श्री नमन विक्सल कोंगाड़ी ने झारखंड के गौरवशाली इतिहास, राज्य गठन के आंदोलन तथा जल-जंगल-जमीन, भाषा-संस्कृति एवं पारंपरिक अधिकारों की रक्षा के लिए पूर्वजों के संघर्ष को विस्तार से रेखांकित किया। उन्होंने वीर तिलका मांझी, सिद्धू-कान्हू, चांद-भैरव, फूलो-झानो, भगवान बिरसा मुंडा, वीर बुधु भगत, पोटो हो, नीलांबर-पीतांबर सहित अन्य वीर शहीदों को नमन करते हुए कहा कि झारखंड राज्य का गठन केवल एक अलग प्रशासनिक इकाई बनाने के लिए नहीं, बल्कि यहां के लोगों की पहचान, अस्तित्व, आजीविका, भाषा-संस्कृति, परंपरा एवं प्राकृतिक संसाधनों की रक्षा के उद्देश्य से किया गया था।
उन्होंने अपने झारखंड आंदोलनकारी होने के अनुभव साझा करते हुए बताया कि किशोरावस्था में वर्ष 1990-91 के दौरान झारखंड मुक्ति मोर्चा के आर्थिक नाकेबंदी आंदोलन में भाग लेने के कारण उन्हें पांच दिनों तक सिमडेगा जेल में रहना पड़ा था। कठिन परिस्थितियों के बावजूद वे अपने उद्देश्य से विचलित नहीं हुए और जल-जंगल-जमीन तथा भाषा-संस्कृति की रक्षा के लिए संघर्ष जारी रखा। उन्होंने कहा कि झारखंड आंदोलनकारी पेंशन उनके लिए संघर्ष, त्याग एवं जनता के प्रति जिम्मेदारी की स्मृति है।
विधायक ने विल्किंसन रूल, छोटानागपुर काश्तकारी अधिनियम, भारत शासन अधिनियम-1935, संविधान की पांचवीं अनुसूची तथा पंचायत (अनुसूचित क्षेत्रों में विस्तार) अधिनियम अर्थात पेसा कानून के ऐतिहासिक संदर्भों का उल्लेख करते हुए कहा कि झारखंड के पारंपरिक अधिकारों एवं स्वशासन की व्यवस्था के पीछे हमारे पूर्वजों के संघर्ष एवं बलिदान की महत्वपूर्ण भूमिका रही है। उन्होंने ग्रामसभा एवं पारंपरिक ग्राम प्रधानों के अधिकारों, दायित्वों तथा स्थानीय समुदायों की सहभागिता को मजबूत करने पर बल दिया।
विकास, शिक्षा, रोजगार एवं जनभागीदारी से सशक्त होगा झारखंड

माननीय विधायक सिमडेगा श्री भूषण बाड़ा ने अपने संबोधन में झारखंड राज्य स्थापना दिवस को गर्व, संघर्ष एवं पहचान का दिवस बताते हुए राज्य के वीर शहीदों एवं झारखंड आंदोलनकारियों को नमन किया। उन्होंने कहा कि झारखंड राज्य एक टुकड़ा नहीं, बल्कि हमारी पहचान, भाषा, संस्कृति, परंपरा एवं संघर्ष का प्रतीक है। हमारे पूर्वजों ने राज्य गठन के लिए अपने सुख-सुविधाओं का त्याग किया और अनेक लोगों ने अपने प्रमाणपत्र तक जला दिए, लेकिन अलग झारखंड राज्य की मांग से पीछे नहीं हटे।
उन्होंने कहा कि झारखंड प्राकृतिक संपदा, वन, पहाड़, नदियों एवं खनिज संसाधनों से समृद्ध राज्य है। इस राज्य को विकसित एवं सशक्त बनाने के लिए प्रत्येक नागरिक की सहभागिता जरूरी है। गांवों को मजबूत करना, बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा देना, स्थानीय भाषा एवं संस्कृति को संरक्षित रखना तथा युवाओं को रोजगार एवं खेल के क्षेत्र में अवसर उपलब्ध कराना विकास की दिशा में महत्वपूर्ण कदम हैं।
उन्होंने सरकार द्वारा संचालित जनकल्याणकारी योजनाओं, सरकार आपके द्वार कार्यक्रम एवं ग्रामीण क्षेत्रों में पहुंचकर लोगों की समस्याओं के समाधान की पहल का उल्लेख करते हुए कहा कि राज्य के प्रत्येक गांव, परिवार, विद्यार्थी, महिला एवं युवा को विकास की मुख्यधारा से जोड़ने के लिए सामूहिक प्रयास आवश्यक हैं।
झारखंड के वीर शहीदों को नमन
उपायुक्त श्रीमती कंचन सिंह ने अपने संबोधन में झारखंड आंदोलनकारियों के संघर्ष, त्याग एवं बलिदान के प्रति जिला प्रशासन एवं सिमडेगा जिले की ओर से हार्दिक आभार व्यक्त करते हुए उन्हें शत-शत नमन किया। उन्होंने कहा कि अलग झारखंड राज्य की स्थापना के लिए आंदोलनकारियों ने अपने सुख-सुविधाओं, जीवन एवं युवावस्था तक का त्याग किया। उनके संघर्ष एवं बलिदान के कारण आज हमें अपनी पहचान, संस्कृति एवं स्वतंत्रता के साथ जीवन जीने का अवसर मिला है।
उपायुक्त ने कहा कि राज्य स्थापना पखवाड़ा केवल वर्षगांठ मनाने का अवसर नहीं, बल्कि उन जनाकांक्षाओं को पूरा करने की प्रतिबद्धता का उत्सव है, जिनके लिए झारखंड राज्य का गठन हुआ था। जिला प्रशासन जनकल्याणकारी योजनाओं को समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है। प्रशासन एवं नागरिकों के बीच संवाद के लिए जनता दरबार, फोन, व्हाट्सएप एवं सोशल मीडिया जैसे माध्यमों का उपयोग किया जा रहा है। जनता की प्रतिक्रियाएं एवं सुझाव प्रशासन के लिए मार्गदर्शक हैं, जिनसे पारदर्शिता, जवाबदेही एवं बेहतर प्रशासनिक व्यवस्था को मजबूती मिलती है।
उन्होंने रामरेखा धाम महोत्सव के बाद संचालित स्वच्छता अभियान का उल्लेख करते हुए कहा कि जनभागीदारी, प्रशासनिक समन्वय एवं सामूहिक प्रयास से मेला क्षेत्र में जमा कचरे को एक दिन में साफ किया गया। यह जिले के नागरिकों एवं विभिन्न विभागों के समन्वित प्रयास का प्रेरक उदाहरण है। उन्होंने झारखंड आंदोलनकारियों के गीत, साहित्य, अनुभव एवं संघर्ष की कहानियों का दस्तावेजीकरण करने तथा उन्हें आने वाली पीढ़ियों तक पहुंचाने का आह्वान किया, ताकि सिमडेगा जिले का झारखंड आंदोलन में योगदान इतिहास में सुरक्षित रह सके।
मैट्रिक की परीक्षा में बानो की छात्र राज्य में प्रथम होने का गौरव प्राप्त की।
उन्होंने शिक्षा, खेल, पर्यटन एवं अन्य क्षेत्रों में जिले की प्रगति का उल्लेख करते हुए कहा कि सामूहिक संकल्प, जनप्रतिनिधियों, नागरिकों एवं प्रशासन के सहयोग से सिमडेगा को एक सुंदर, विकसित एवं समृद्ध जिला बनाने की दिशा में निरंतर कार्य किया जा रहा है।
पुलिस व्यवस्था के आधुनिकीकरण एवं जनजागरूकता पर बल

पुलिस अधीक्षक श्रीकांत एस. खोटरे ने अपने संबोधन में झारखंड की सांस्कृतिक विशिष्टता, संघर्षशील विरासत एवं विकास यात्रा को रेखांकित करते हुए कहा कि झारखंड की पहचान जल, जंगल, जमीन, समृद्ध परंपराओं एवं विविध सांस्कृतिक जीवनशैली से जुड़ी है। यहां के समुदाय प्रकृति के साथ सामंजस्य स्थापित कर जीवन जीने का उदाहरण प्रस्तुत करते हैं, जो वर्तमान समय में जलवायु परिवर्तन जैसी वैश्विक चुनौतियों के संदर्भ में भी महत्वपूर्ण है।
उन्होंने राज्य के गौरवशाली इतिहास एवं वीर जननायकों के संघर्ष को नमन करते हुए कहा कि झारखंड के पास युवा ऊर्जा, अदम्य इच्छाशक्ति, अनंत संभावनाएं एवं असीम क्षमता है। राज्य गठन के समय नक्सलवाद प्रमुख चुनौती थी, लेकिन पुलिस बल के वीर जवानों के साहस, समर्पण एवं बलिदान से सुरक्षा व्यवस्था मजबूत हुई और सुदूरवर्ती क्षेत्रों में सड़क, बिजली, पानी एवं संचार जैसी आधारभूत सुविधाओं के विस्तार को गति मिली।

उन्होंने पुलिस व्यवस्था के विस्तार एवं आधुनिकीकरण का उल्लेख करते हुए कहा कि राज्य में 600 से अधिक थाने कार्यरत हैं। महिला सुरक्षा, मानव तस्करी एवं अनुसूचित जाति-जनजाति से संबंधित मामलों के लिए विशेष पुलिस व्यवस्था विकसित की गई है। नागरिक केंद्रित पुलिस सेवाओं के तहत चरित्र सत्यापन एवं पासपोर्ट सत्यापन की निर्धारित समयसीमा 15 दिनों की है, जबकि सिमडेगा जिले में इन कार्यों को औसतन छह दिनों में पूरा किया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि पुलिस अब जनसहभागिता एवं जागरूकता के माध्यम से सामाजिक अपराधों की रोकथाम पर भी विशेष ध्यान दे रही है। मानव तस्करी, डायन प्रथा एवं साइबर अपराध जैसे विषयों पर स्थापना पखवाड़े के दौरान विभिन्न थाना क्षेत्रों में जागरूकता अभियान चलाए गए, जिसमें 3,000 से अधिक वॉलंटियर्स को प्रशिक्षित किया गया। प्रत्येक वॉलंटियर से कम से कम दस लोगों को जागरूक करने का आग्रह किया गया, ताकि यह अभियान जनआंदोलन का रूप ले सके। उन्होंने डायल 112, इमरजेंसी रिस्पॉन्स सिस्टम एवं एनसीआरपी पोर्टल जैसी तकनीक आधारित सेवाओं को नागरिकों तक पुलिस की पहुंच का प्रभावी माध्यम बताया।
दो सप्ताह के कार्यक्रमों में विभागों ने प्रदर्शित की उपलब्धियां
उप विकास आयुक्त श्री दीपांकर चौधरी ने स्वागत संबोधन में कहा कि झारखंड राज्य के 26वें स्थापना वर्ष के अवसर पर लगभग दो सप्ताह तक जिले में विभिन्न विभागों द्वारा कार्यक्रम आयोजित किए गए। रंगोली प्रतियोगिता से कार्यक्रमों का आगाज हुआ तथा प्रतिदिन अलग-अलग विभागों ने योजनाओं के प्रचार-प्रसार, परिसंपत्तियों के वितरण, उद्घाटन, लाभुकों को लाभ पहुंचाने एवं विभागीय कानूनों तथा कल्याणकारी योजनाओं के प्रति जागरूकता बढ़ाने की पहल की।
उन्होंने गर्व व्यक्त करते हुए कहा कि जिला ग्रामीण विकास शाखा ने मनरेगा, प्रधानमंत्री आवास योजना एवं अबुआ आवास योजना के क्षेत्र में राज्य स्तर पर दूसरा स्थान प्राप्त किया है। पशुपालन विभाग द्वारा पशुधन एवं परिसंपत्तियों का वितरण, कृषि, मत्स्य, भूमि संरक्षण, आत्मा एवं उद्यान विभाग द्वारा कृषि उपकरण एवं अन्य संसाधनों का वितरण तथा विभिन्न विभागों के माध्यम से नियुक्ति पत्र वितरण जैसी गतिविधियां आयोजित की गईं।
पुलिस प्रशासन द्वारा साइबर अपराध सहित विभिन्न सामाजिक विषयों पर जागरूकता कार्यक्रम, खेल विभाग द्वारा सांस्कृतिक गतिविधियां, राजस्व एवं आपूर्ति विभाग द्वारा क्षतिपूर्ति एवं आपदा संबंधी योजनाओं की जानकारी तथा परिवहन, शिक्षा, स्वास्थ्य एवं समाज कल्याण विभाग द्वारा विभिन्न जनहितकारी पहल की गईं।
उन्होंने कहा कि समापन समारोह में विभिन्न विभागों के स्टॉल के माध्यम से योजनाओं एवं उपलब्धियों की झलक प्रस्तुत की गई तथा लाभुकों के बीच परिसंपत्तियों एवं नियुक्ति पत्रों का वितरण किया गया। उन्होंने वर्ष 2050 को ध्यान में रखते हुए दीर्घकालिक विकास योजना तैयार करने तथा सिमडेगा जिले की विकास यात्रा को आगे बढ़ाने की प्रतिबद्धता जताई। विगत एक वर्ष की उपलब्धियों का उल्लेख करते हुए आम के निर्यात, हेरिटेज म्यूजियम, मत्स्य क्षेत्र में प्रॉन पालन एवं पर्यटन क्षेत्र में एडवेंचर स्पोर्ट्स को बढ़ावा देने जैसी पहल को जिले के विकास की नई पहचान बताया।
विभिन्न विभागों के माध्यम से लाभुकों, विद्यार्थियों एवं कर्मियों को मिला सम्मान और लाभ
समापन समारोह के अवसर पर विभिन्न विभागों द्वारा लाभुकों, विद्यार्थियों, कर्मियों एवं उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वालों को परिसंपत्तियां, नियुक्ति पत्र, प्रशस्ति पत्र, सम्मान एवं स्वीकृति पत्र प्रदान किए गए।
समारोह के दौरान जिले के 50 से अधिक झारखंड आंदोलनकारियों को शॉल ओढ़ाकर सम्मानित किया गया।
समाज कल्याण शाखा द्वारा: आंगनबाड़ी केंद्रों के 3 से 6 वर्ष आयु वर्ग के बच्चों के बीच गर्म कपड़ों का वितरण किया गया। बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ अभियान के तहत पांच बच्चों को बेबी किट प्रदान की गई। प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली सेविका को प्रशस्ति पत्र दिया गया। नवचयनित सेविका एवं सहायिकाओं को नियुक्ति पत्र प्रदान किए गए। पूरक पोषाहार के तहत स्वादिष्ट व्यंजन तैयार करने में प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त करने वाली सेविकाओं को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। सावित्रीबाई फुले किशोरी समृद्धि योजना के तहत 50 लाभुकों को राशि भुगतान की स्वीकृति से संबंधित पत्र प्रदान किए गए।
शिक्षा विभाग:द्वारा मुख्यमंत्री उत्कृष्ट विद्यालयों में वार्षिक इंटरमीडिएट परीक्षा-2026 में कला संकाय में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले शुभम कुमार सहित 10 विद्यार्थियों को प्रशस्ति पत्र प्रदान किए गए। सीबीएसई बोर्ड की वार्षिक इंटरमीडिएट परीक्षा-2026 में जिले में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर टॉप करने वाले 10 छात्र-छात्राओं को प्रशस्ति पत्र एवं लैपटॉप देकर सम्मानित किया गया। कल्याण विभाग: दो सामुदायिक वन पट्टों का वितरण किया गया, जिसके अंतर्गत 868 लाभुकों को 1,500 हेक्टेयर से अधिक भूमि से संबंधित सामुदायिक वन अधिकार प्रदान किए गए।

– फूलो-झानो आशीर्वाद योजना: प्रिंस स्वयं सहायता समूह, अलका स्वयं सहायता समूह एवं सीमा स्वयं सहायता समूह को कुल 75,000 रुपये की सहायता राशि प्रदान की गई।
– स्वास्थ्य विभाग: उत्कृष्ट कार्य करने वाले चिकित्सकों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।
– रंगोली प्रतियोगिता: 14 नवंबर 2026 को आयोजित रंगोली प्रतियोगिता में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले हिल व्यू इंग्लिश मीडियम, द्वितीय स्थान प्राप्त करने वाले सरस्वती शिशु विद्या मंदिर तथा तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले सेंट जॉन्स इंग्लिश मीडियम को मोमेंटो एवं प्रशस्ति पत्र प्रदान किए गए।
इसके अतिरिक्त स्थापना पखवाड़े के दौरान आयोजित निबंध प्रतियोगिता, कथा वाचन एवं अन्य गतिविधियों में सहभागिता करने वाले प्रतिभागियों को भी कार्यक्रम के माध्यम से प्रोत्साहित किया गया।
विभागीय स्टॉल के माध्यम से योजनाओं एवं उपलब्धियों की प्रदर्शनी

समारोह स्थल पर जिला परिवहन कार्यालय, समाज कल्याण शाखा, गव्य विकास, कृषि, पशुपालन, मत्स्य, सहयोग विलेज, सामाजिक सुरक्षा, बाल संरक्षण इकाई, सहकारिता विभाग, प्राथमिक कृषि साख सहयोग समिति, शिक्षा विभाग, परियोजना निदेशक आईटीडीए, कल्याण विभाग, आरसेटी, जेएसएलपीएस सहित विभिन्न विभागों एवं संस्थाओं द्वारा स्टॉल लगाए गए। सभी अतिथियों एवं पदाधिकारियों ने स्टॉल का भ्रमण कर विभागीय योजनाओं, उपलब्धियों, उत्पादों एवं जनकल्याणकारी गतिविधियों की जानकारी प्राप्त की।दिव्यांगों के बीच ट्राई साइकिल वितरण, किसान कोट्रेक्टर वितरण,नाव का वितरण किया गया। प्रखंड विकास पदाधिकारी बांसजोर,विभिन्न प्रखंडों के बीपी एम को सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम के दौरान कस्तूरबा गांधी आवासीय विद्यालय की छात्राओं ने सांस्कृतिक प्रस्तुति दी। समारोह में झारखंड राज्य स्थापना पखवाड़े की विभिन्न गतिविधियों, विभागीय उपलब्धियों, जनकल्याणकारी योजनाओं एवं विकास कार्यों की झलक प्रस्तुत करते हुए राज्य के विकास, सांस्कृतिक पहचान एवं जनभागीदारी के प्रति सामूहिक संकल्प व्यक्त किया गया।
जिला जनसंपर्क कार्यालय सिमडेगा द्वारा दो एलईडी स्क्रीन के माध्यम से राज्य स्थापना दिवस का वीडियो सहित सरकार की विभिन्न योजनाओं का वीडियो प्रदर्शित किया गया।
साथ ही कार्यक्रम में परिसंपत्ति का वितरण भी किया गया।
मौके पर अनुमंडल पदाधिकारी श्री सुमन्त तिर्की, अपर समाहर्ता श्री गिरिजा शंकर महतो, परियोजना निदेशक आईटीडीए श्रीमती सरोज तिर्की, उप निर्वाचन पदाधिकारी श्री पवन कुमार जनसंपर्क पदाधिकारी श्री पलटु महतो, जिला समाज कल्याण पदाधिकारी श्रीमती सूरज मुन्नी कुमारी, जिला कृषि पदाधिकारी श्रीमती माधुरी टोप्पो, शिक्षा पदाधिकारी श्री मिथिलेश केरकेट्टा, शिक्षा अधीक्षक श्री दीपक राम, प्रखंड विकास पदाधिकारी, अंचलाधिकारी, जिला परिषद सदस्य, विधायक प्रतिनिधि सिमडेगा श्री संतोष कुमार सिंह, पूर्व विधायक-सह-झारखंड आंदोलनकारी श्री बसंत लोंगा, जेएमएम जिला सचिव मो. सफिख खान, विधायक प्रतिनिधि कोलेबिरा मो. समी आलम, झारखंड आंदोलनकारी, विभिन्न विभागों के पदाधिकारी, कर्मी, लाभुक, विद्यार्थी एवं बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।


