कृषि योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन पर जोर, उपायुक्त ने दिए पारदर्शिता के निर्देश
सिमडेगा में आत्मा, एग्रीकल्चर एक्सटेंशन, एग्री क्लीनिक और कृषोन्नति योजना की जिला संचालन समिति की बैठक

Simdega Life News: जिले में कृषि योजनाओं के प्रभावी और पारदर्शी क्रियान्वयन को लेकर उपायुक्त कंचन सिंह की अध्यक्षता में आत्मा, एग्रीकल्चर एक्सटेंशन योजना, एग्री क्लीनिक योजना एवं राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा एवं पोषण मिशन (कृषोन्नति योजना) की जिला संचालन समिति की बैठक आयोजित की गई।
बैठक में कृषि क्षेत्र से जुड़ी विभिन्न योजनाओं के प्रस्तावित एजेंडे पर विस्तार से चर्चा की गई। साथ ही योजनाओं को धरातल पर प्रभावी तरीके से लागू करने के लिए आवश्यक कार्ययोजना पर विचार-विमर्श किया गया।
वास्तविक लाभुकों तक पहुंचे योजनाओं का लाभ
उपायुक्त ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि सरकार की कृषि योजनाओं का लाभ निर्धारित मापदंडों के अनुरूप वास्तविक लाभुकों तक पहुंचना सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने योजनाओं के तहत संचालित गतिविधियों को बेहतर तरीके से लागू करने और कृषि क्षेत्र के विकास को गति देने पर विशेष जोर दिया।
उन्होंने कहा कि योजनाओं के क्रियान्वयन में पारदर्शिता और निर्धारित प्रक्रिया का पालन सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए। विभागीय दिशा-निर्देशों और वित्तीय नियमों का अक्षरशः अनुपालन करते हुए योजनाओं को जमीन पर उतारने का निर्देश संबंधित पदाधिकारियों को दिया गया।
समयबद्ध कार्रवाई के निर्देश
उपायुक्त ने उपलब्ध संसाधनों के समुचित उपयोग पर भी जोर दिया। उन्होंने अधिकारियों को योजनाओं से संबंधित कार्यों में अनावश्यक विलंब नहीं करने तथा समयबद्ध और प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
बैठक में उप विकास आयुक्त दीपांकर चौधरी, जिला कृषि पदाधिकारी माधुरी टोप्पो, जिला मत्स्य पदाधिकारी सीमा टोप्पो समेत संबंधित विभागों के अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे।



