Jharkhand Life News: राजकीय श्रावणी मेला-2026 के पहले सप्ताह में बाबा बैद्यनाथ धाम में आस्था का जनसैलाब उमड़ पड़ा। जिला प्रशासन की ओर से आयोजित साप्ताहिक प्रेसवार्ता में उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी सौरभ कुमार भुवानिया और पुलिस अधीक्षक प्रवीण पुष्कर ने मेले की व्यवस्थाओं, सुरक्षा और राजस्व से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारी साझा की।
उपायुक्त ने बताया कि 30 जुलाई से एक सप्ताह के दौरान कुल 10,05,885 श्रद्धालुओं ने बाबा बैद्यनाथ पर जलार्पण किया। इनमें 23,130 श्रद्धालु शीघ्र दर्शनम कूपन के माध्यम से दर्शन करने वाले शामिल हैं।
उन्होंने बताया कि 30 जुलाई से 4 अगस्त के बीच बाबा मंदिर को विभिन्न स्रोतों से 86,85,162 रुपये की आय प्राप्त हुई। इसमें शीघ्र दर्शनम कूपन से प्राप्त आय का बड़ा हिस्सा शामिल है।

सुरक्षा के कड़े इंतजाम
श्रावणी मेले को सुरक्षित और व्यवस्थित बनाने के लिए पूरे मेला क्षेत्र में 597 मजिस्ट्रेट एवं पदाधिकारी, 6,763 पुलिसकर्मी, 4 पुलिस अधीक्षक, 3 सीआरपीएफ कंपनियां, एनडीआरएफ और एसडीआरएफ की टीमें तैनात की गई हैं।
श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए 925 सीसीटीवी कैमरे, 225 एआई कैमरे और 5 ड्रोन कैमरों से लगातार निगरानी की जा रही है।
स्वास्थ्य और आवासन की बेहतर व्यवस्था
उपायुक्त ने बताया कि मेला क्षेत्र में 35 अस्थायी स्वास्थ्य केंद्र, 111 चिकित्सक और 470 पैरामेडिकल कर्मी तैनात हैं। अब तक 33,224 मरीजों का उपचार किया जा चुका है।
श्रद्धालुओं के ठहरने के लिए 77 आवासन स्थल, तीन टेंट सिटी, कोठिया टेंट सिटी में 2,000 बेड, बाघमारा टेंट सिटी में 750 बेड तथा आध्यात्मिक भवन में 700 श्रद्धालुओं के ठहरने की व्यवस्था की गई है।
खोया-पाया केंद्रों से हजारों लोगों को मिली मदद
सूचना एवं जनसंपर्क विभाग द्वारा संचालित 34 सूचना केंद्रों पर अब तक 15,549 खोया-पाया मामलों का पंजीकरण हुआ, जिनमें से 10,242 श्रद्धालुओं को उनके परिजनों से सफलतापूर्वक मिलाया गया।
श्रद्धालुओं के लिए आधुनिक सुविधाएं
मेला क्षेत्र में श्रद्धालुओं के लिए शिवगंगा में वाटर प्रोजेक्शन एवं लेजर शो, 10 वीआर केंद्र, 31 एलईडी स्क्रीन, शिवलोक परिसर में अमरनाथ दर्शन और श्रीकालहस्ती मंदिर थीम पर विशेष प्रदर्शनी तथा नियमित सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है।
नगर निगम और अन्य विभागों का प्रदर्शन
नगर निगम ने 5 अगस्त तक 1.06 करोड़ रुपये से अधिक राजस्व संग्रह किया है। वहीं विद्युत विभाग को अस्थायी बिजली कनेक्शन से 29.41 लाख रुपये का राजस्व प्राप्त हुआ। पेयजल एवं स्वच्छता विभाग ने मेला क्षेत्र में 48 स्नानागार, 323 शौचालय, 16 इंद्रवर्षा, 76 चापाकल और 9 प्याऊ की व्यवस्था की है।

शेष तीन सोमवारी के लिए प्रशासन पूरी तरह तैयार
उपायुक्त सौरभ कुमार भुवानिया ने कहा कि श्रावण माह की शेष तीन सोमवारी पर श्रद्धालुओं की संख्या और बढ़ने की संभावना है। ऐसे में प्रशासन और पुलिस पूरी मुस्तैदी के साथ सभी व्यवस्थाओं को और मजबूत बनाए हुए हैं।
उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन का उद्देश्य केवल मेला संचालन तक सीमित नहीं है, बल्कि यह सुनिश्चित करना है कि बाबा नगरी आने वाला प्रत्येक श्रद्धालु सुरक्षित, व्यवस्थित और सुखद अनुभव के साथ अपने घर लौटे।
वहीं पुलिस अधीक्षक प्रवीण पुष्कर ने बताया कि सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के लिए 21 अस्थायी ओपी, 13 यातायात ओपी, एटीएस, रैफ, बम निरोधक दस्ता, डॉग स्क्वॉड और क्यूआरटी टीम लगातार तैनात हैं। इस सप्ताह मंदिर परिसर से कई खोए हुए मोबाइल बरामद किए गए हैं तथा पॉकेटमारों के विरुद्ध कार्रवाई भी की गई है।



