Jharkhand Life News गोड्डा: गोड्डा पुलिस ने संभावित आपराधिक घटना को समय रहते विफल करते हुए भागलपुर के एक युवक को अवैध देशी कट्टा और जिंदा कारतूस के साथ गिरफ्तार किया है। आरोपी झारखंड क्षेत्र में किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने की फिराक में आया था। पुलिस ने उसे बलबड्डा थाना क्षेत्र में वाहन जांच अभियान के दौरान दबोच लिया।
पुलिस अधीक्षक को गुप्त सूचना मिली थी कि एक संदिग्ध व्यक्ति ब्लू रंग की होंडा एसपी मोटरसाइकिल (संख्या- JH17AG 5132) से मेहरमा से डोय होते हुए बलबड्डा की ओर जा रहा है। उसकी गतिविधियां संदिग्ध हैं और वह किसी आपराधिक घटना को अंजाम देने की योजना बना रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर पुलिस निरीक्षक मेहरमा प्रभाग के नेतृत्व में विशेष टीम गठित कर विभिन्न स्थानों पर निगरानी और छापेमारी शुरू कर दी गई।
इसी दौरान बलबड्डा थाना के पुअनि मुक्तेश्वर राम अपनी गश्ती टीम के साथ डोय और आमौर के बीच सड़क पर वाहन जांच कर रहे थे। तभी डोय की ओर से एक ब्लू रंग की होंडा एसपी मोटरसाइकिल आती दिखाई दी। पुलिस ने वाहन चालक को रुकने का इशारा किया, लेकिन वह बाइक मोड़कर भागने का प्रयास करने लगा। हालांकि पुलिसकर्मियों ने तत्परता दिखाते हुए उसे मौके पर ही पकड़ लिया।
पूछताछ में युवक ने अपनी पहचान सद्दाम मंसूरी (32 वर्ष), पिता मसरल्ली मंसूरी, निवासी जल्लहा गांव, थाना सनोखर, जिला भागलपुर (बिहार) के रूप में बताई। तलाशी लेने पर उसके पास से एक लोहे का देशी कट्टा, एक जिंदा कारतूस और एक ओप्पो कंपनी का मोबाइल फोन बरामद हुआ। पुलिस ने कट्टा, कारतूस, मोबाइल फोन और मोटरसाइकिल को जब्त कर लिया।
पूछताछ के दौरान आरोपी ने स्वीकार किया कि हथियार का इस्तेमाल लोगों में दहशत फैलाने, रौब जमाने और चोरी-छिनतई जैसी घटनाओं में किया जाता है। इसके बाद बलबड्डा थाना में मुक्तेश्वर राम के फर्दबयान पर आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया।
पुलिस ने आरोपी सद्दाम मंसूरी को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। मामले की जांच जारी है और पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि आरोपी किसी गिरोह से जुड़ा है या नहीं तथा झारखंड में उसकी गतिविधियों का उद्देश्य क्या था।
छापेमारी में शामिल अधिकारी
छापेमारी अभियान में पुलिस निरीक्षक रूबी एड्रीना मिंज, बलबड्डा थाना प्रभारी पंकज कुमार सिंह, पुअनि मुक्तेश्वर राम, सअनि सुलेमान किस्कू तथा बलबड्डा थाना के सशस्त्र बल के जवान शामिल थे।



