Jharkhand Life News देवघर: बुधवार को बाबा बैद्यनाथ धाम मंदिर में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ देखने को मिली। तड़के सुबह से ही सामान्य दर्शनार्थियों की कतारों के साथ-साथ शीघ्र दर्शनम और वीआईपी लाइन में भी लंबी कतारें लगी रहीं। मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं की संख्या इतनी अधिक थी कि पांव रखने तक की जगह नहीं बची थी। हर कोई जल्द से जल्द बाबा के दर्शन के लिए उत्सुक नजर आया।
मंदिर परिसर में दिनभर विभिन्न धार्मिक और मांगलिक अनुष्ठान आयोजित होते रहे। बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने मुंडन, जनेऊ संस्कार एवं अन्य धार्मिक कर्मकांड संपन्न कराए। मंदिर परिसर में मौजूद तीर्थ पुरोहित अजय परिहस्त ने बताया कि हिंदू पंचांग के अनुसार 24 जून को ज्येष्ठ मास के शुक्ल पक्ष की दशमी तिथि है। वहीं शाम 6:12 बजे से निर्जला एकादशी तिथि का आरंभ हो रहा है, जिसके कारण इस दिन धार्मिक कार्यों का विशेष महत्व माना जाता है।
उन्होंने कहा कि बाबा मंदिर परिसर में स्थित पंचशूल के नीचे संपन्न होने वाले प्रत्येक धार्मिक आयोजन का अपना अलग आध्यात्मिक महत्व है। इसी वजह से दूर-दूर से श्रद्धालु यहां पहुंचकर विभिन्न संस्कार और पूजा-अर्चना कराते हैं।
श्रद्धालुओं की बढ़ती संख्या को देखते हुए मंदिर परिसर और आसपास सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए थे। जिला प्रशासन और पुलिस के जवान पूरे दिन व्यवस्था संभालने में जुटे रहे। हालांकि पार्वती मंदिर प्रवेश द्वार के समीप गर्मी और भीड़ के कारण कुछ श्रद्धालु आपस में उलझते भी दिखाई दिए। सूचना मिलते ही मंदिर कर्मियों और पुलिसकर्मियों ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को नियंत्रित किया तथा श्रद्धालुओं को व्यवस्थित ढंग से आगे बढ़ाया।
निर्जला एकादशी से पहले बाबा नगरी में उमड़ी आस्था की इस भीड़ ने पूरे मंदिर परिसर को भक्तिमय माहौल में सराबोर कर दिया।




