झारखंड के कोडरमा और सिमडेगा जिले में हुई अलग-अलग सड़क दुर्घटनाओं में एक महिला की मौत हो गई। कुल 11 लोग घायल हो गए हैं। पुलिस ने घायलों को इलाज के लिए अस्पताल भेज दिया है।
कोडरमा घाटी स्थित मेघा तरी के समीप गुरुवार की सुबह सूमो व ट्रक में हुई आमने-सामने की टक्कर में सूमो सवार एक महिला की मौत हो गई ,जबकि घटना में 7 लोग घायल हो गए। यह सभी लोग पंचायत चुनाव में वोट देने बिहार के वैशाली गए हुए थे। रांची लौटने के दौरान यह हादसा हुआ।
वहीं सिमडेगा जिले के कोलेबिरा थाना क्षेत्र में कोलेबिरा घाटी एस मोंड के पास टैंकर और कार में भिड़ंत हो गई। इसमें कार में सवार चार लोग घायल हो गए। कार में लगा एयर बैलून खुलने से जान बच गई।
कोडरमा घाटी स्थित मेघा तरी के समीप हुए हादसे में वाहन के चालक सहित उस पर सवार पांच लोगों की गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए रिम्स रेफर कर दिया गया। टाटा सूमो पर सवार सभी लोग बिहार से रांची लौट रहे थे। दुर्घटना में मरने वाली महिला की पहचान 48 वर्षीय अनीता देवी के रूप में की गई है।
वहीं घायलों में संजय प्रसाद महतो 35 वर्ष सुरेश प्रसाद 42 वर्ष दिनेश कुमार 45 वर्ष के अलावा वाहन का चालक सुशांत ओप्पो शामिल है। सूमो के चालक की हालत काफी गंभीर बताई गई है।सूमो पर सवार छोटी कुमारी 16 वर्ष व दिनेश प्रसाद का इलाज सदर अस्पताल में ही किया जा रहा है। जानकारी के अनुसार टाटा सूमो में टक्कर मारने के बाद ट्रक चालक वाहन सहित फरार हो गया।
सिमडेगा जिले के कोलेबिरा थाना क्षेत्र में कोलेबिरा घाटी एस मोंड के पास दुर्घटना में चार लोग घायल हुए। ऐन मौके पर मौजूद रहे भास्कर रिपोर्टर सहित अन्य लोगों ने घायलों अस्पताल को पहुंचाया । भाग रहे टैंकर को पकड़ कर कोलेबिरा थाना के पुलिस को सौंप दिया गया।
पुलिस ने दोनों वाहन को अपने कब्जे में ले लिया है। घायलों का इलाज कोलेबिरा अस्पताल में चल रहा है। कार ओड़िशा के सुंदरगढ़ जा रही थी। टैंकर राउरकेला से रांची जा रहा था।