21.6 C
Ranchi
Monday, September 16, 2024
Contact: info.jharkhandlife@gmail.com
spot_img
HomeJharkhand Newsभारतीय जनता युवा मोर्चा की जनाक्रोश रैली और जे एम एम के...

भारतीय जनता युवा मोर्चा की जनाक्रोश रैली और जे एम एम के झारखंडी अधिकार मार्च ने बढ़ाई झारखंड की राजनीतिक सरगर्मी

spot_img

Jharkhand News: झारखंड में चुनाव आयोग द्वारा भले ही चुनाव की घोषणा अभी नहीं की गई है लेकिन राज्य का सियासी पारा तो यही बता रहा है कि राज्य पूरी तरह चुनावी मोड में आ चुका है।राज्य में एक ही दिन भारतीय जनता युवा मोर्चा द्वारा रांची के मोहरावादी मैदान में ‘युवा आक्रोश रैली‘का आयोजन और झारखंड मुक्ति मोर्चा द्वारा राज्य के सभी जिला मुख्यालय के समक्ष केंद्र सरकार की कथित झारखंड विरोधी नीतियों के खिलाफ ‘झारखंडी अधिकार मार्च‘का आयोजन इस बात की तस्दीक करने के लिए काफी है। हाल ही राज्य में ‘ ऑपरेशन चंपई‘ के फेल होने के बाद सियासी सरगर्मी और भी तेज़ी से बढ़ने लगी है।
भारतीय जनता युवा मोर्चा द्वारा रांची के मोहरावादी मैदान में आयोजित युवा आक्रोश रैली में राज्य के सभी जिला से बड़ी संख्या में कार्यकर्ता रांची पहुंच रहे हैं।रैली के बाद मुख्यमंत्री आवास के घेराव का कार्यक्रम है इसमें भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष सहित कई बड़े नेता भी शिरकत करेंगे। पार्टी सूत्रों के अनुसार राज्य की हेमंत सरकार को रैली के जरिए खास कर युवाओं और महिलाओं के लिए उनके द्वारा किए गए वायदे याद दिलाने और सरकार से पांच साल का हिसाब मांगने का निर्णय लिया गया है।हालांकि पार्टी के अनुसार सरकार द्वारा जगह-जगह बैरिकेटिंग कर कार्यकर्ताओं को रांची आने से रोका जा रहा है।


दूसरी ओर झारखंड मुक्ति मोर्चा द्वारा केंद्र सरकार की कथित झारखंड विरोधी नीतियों और राज्य की चुनी हुई सरकार को अस्थिर करने के प्रयास के खिलाफ पूरे राज्य में जिला मुख्यालय के समक्ष ‘ झारखंडी अधिकार मार्च‘ रैली और विरोध प्रदर्शन का आयोजन किया गया है।पार्टी के केंद्रीय समिति के निर्देश पर केंद्र सरकार की कथित झारखंड विरोधी नीतियों और राज्य की उपेक्षा के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया जा रहा है। पार्टी के अनुसार भोले भाले झारखंडियों के हक, अधिकार और सम्मान को कुचलने का प्रयास केंद्र द्वारा लगातार किया जाता रहा है। पार्टी सूत्रों के अनुसार भाजपा नेतृत्व वाली केंद्र सरकार की झारखंड विरोधी मानसिकता और दोहरे मापदंड के खिलाफ पार्टी द्वारा झारखंडी अधिकार मार्च का आयोजन किया गया है।राज्य के सभी जिला मुख्यालय के समक्ष विरोध प्रदर्शन में बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता शिरकत कर रहे हैं।


दोनों आयोजनों में किसका पलड़ा भारी होता है यह तो बाद के विश्लेषण का विषय हो सकता है लेकिन इन आयोजनों से राज्य में चुनाव की आहट स्पष्ट सुनाई देने लगी है।

spot_img
धनंजय भारती
धनंजय भारती
वरिष्ठ पत्रकार, धनंजय भारती पिछले 25 सालों से पत्रकारिता कर रहे हैं। वे कई राष्ट्रीय टीवी न्यूज़ चैनल सहारा समय, आजतक, से जुड़े रहे हैं।
--Advertisement--spot_img

Latest News

spot_img
Floating WhatsApp Button WhatsApp Icon