रांची का न्यूनतम पारा तेजी से नीचे गिर रहा है। पिछले एक सप्ताह में राजधानी के न्यूनतम तापमान में 5 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई है। मंगलवार को रांची का न्यूनतम तापमान 16.4 डिग्री सेल्सियस था। रविवार रात तक घटकर यह 11.4 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया है।
माैसम विज्ञान केंद्र, रांची की रिपाेर्ट के अनुसार रात का तापमान 10 डिग्री रह सकता है। मौसम वैज्ञानिक अभिषेक आनंद ने बताया कि 3 और 4 दिसंबर काे राज्य में हल्की बारिश हो सकती है। 2 दिसंबर सेे हल्के बादल छाए रहने की संभावना है। बारिश के बाद एक बार फिर से कनकनी बढ़ने की संभावना है।
सुबह में कोहरा के बाद साफ रहेगा आसमान
मौसम वैज्ञानिक अभिषेक आनंद ने बताया कि अगले 3-4 दिनों तक राज्य का मौसम स्थिर रहेगा। इसमें किसी बड़े बदलाव की संभावना नहीं दिख रही है। इस दौरान मौसम शुष्क रहेगा। सुबह में हल्का कोहरा के बाद आसमान पूरी तरह साफ रहेगा। तापमान में भी ज्यादा का बदलाव देखने को नहीं मिलेगा।
पिछले 24 घंटे में रामगढ़ में सबसे ज्यादा ठंड पड़ी
पिछले 24 घंटे की बात करें तो स दौरान राज्य में सबसे ज्यादा ठंड रामगढ़ में पड़ी। रामगढ़ केवीके के मुताबिक यहां का न्यूनतम तापमान 10.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं राज्य में सबसे अधिक अधिकतम तापमान गोड्डा में 28.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। राज्य के सभी जिलों में मौसम शुष्क रहा।